श्रम मंत्रालय का ‘संतुष्ट’ पोर्टल

February 5, 2020

केन्द्रीय श्रम व रोज़गार मंत्रालय ने ‘संतुष्ट पोर्टल’ लांच किया है, यह एक क्रियान्वयन मॉनिटरिंग सेल है। इस पोर्टल के द्वारा ज़मीनी स्तर पर  सार्वजनिक सेवाओं, पारदर्शिता, जवाबदेही, योजनाओं व नीतियों पर फोकस किया जाएगा।

इस पोर्टल के द्वारा श्रमिकों व रोज़गार प्रदाताओं की शिकायतों का निवारण किया जायेगा। इस पोर्टल के द्वारा स्वास्थ्य बीमा तथा EPFO (Employment Provident Fund Organization) की सेवाओं की मॉनिटरिंग की जायेगी। इसके अतरिक्त ESIC (Employment State Insurance Corporation) की सेवाओं की मॉनिटरिंग भी की जायेगी।

कर्मचारी राज्य बीमा कारपोरेशन (ESIC)

यह केन्द्रीय श्रम व रोज़गार मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त कारपोरेशन है। यह कर्मचारियों के बीमा का प्रबंधन करता है। इसकी स्थापना कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम, 1948 के तहत की गयी थी। इसकी स्थापना 24 फरवरी, 1951 को की गयी थी। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। ESIC में दक्षिण एशिया के लिए ISSA का सम्पर्क कार्यालय भी स्थित है। यह संपर्क कार्यालय भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल तथा ईरान में ISSA के सदस्य संगठनों के साथ सामाजिक सुरक्षा के लिए समन्वय करता है।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO)

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन एक वैधानिक संगठन है, इसकी स्थापना कर्मचारी भविष्य निधि तथा विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 के द्वारा किया गयी थी। यह भारत सरकार के श्रम व रोज़गार मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करता है। इसकी स्थापना 4 मार्च, 1952 को की गयी थी, इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। इसका मुख्य कार्य अंशदायी पेंशन और बीमा योजना प्रदान करना है, यह सदस्यों और वित्तीय लेन देन के सन्दर्भ में विश्व के सबसे बड़े संगठनों में से एक है।