भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब : नैसकॉम रिपोर्ट

November 7, 2019

नैसकॉम की रिपोर्ट के मुताबिक भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा (चीन और अमेरिका के बाद) स्टार्टअप इकोसिस्टम है। 2019 में भारत में 1300 से अधिक नए स्टार्टअप्स उत्पन्न हुए हैं। जनवरी से सितम्बर, 2019 के दौरान भारत में स्टार्टअप्स की संख्या 8900 से 9300 के बीच रही जबकि एक वर्ष पूर्व यह आंकड़ा 7700 से 8200 के बीच था।

मुख्य बिंदु

  • जनवरी-सितम्बर, 2019 के दौरान स्टार्टअप्स में निवेश लगभग 4.4 बिलियन डॉलर रहा।
  • 2019 में स्टार्टअप्स से 14-16 लाख अप्रत्यक्ष नौकरियों का सृजन हुआ। 2025 में यह आंकड़ा 39 से 44 लाख तक पहुँच सकता है।
  • 2025 तक भारतीय स्टार्टअप्स की संख्या में 4 से 5 गुणा होने का अनुमान है।
  • 2019 में स्टार्टअप्स से 60,000 प्रत्यक्ष नौकरियों का सृजन हुआ, 2018 में यह आंकड़ा 40,000 था।
  • 2019 में सात नए यूनिकॉर्न (1 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के स्टार्टअप्स) सामने आये।

NASSCOM: National Association of Software & Services Companies

NASSCOM भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) उद्योग का वैश्विक गैर-लाभकारी व्यापार संगठन है। यह सॉफ्टवेयर और सेवाओं में व्यापार की सुविधा प्रदान करता है और सॉफ्टवेयर प्रौद्योगिकी में शौध प्रगतियों को प्रोत्साहित करता है। यह भारतीय सोसाइटीज अधिनियम, 1860 के तहत पंजीकृत है और इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है।

बेंगलुरू, चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, कोलकाता, मुंबई, पुणे और तिरुवनंतपुरम में इसके क्षेत्रीय कार्यालय भी हैं। इस विश्व स्तरीय आईटी व्यापार निकाय में 2000 से अधिक सदस्य शामिल हैं,  इनमे 250 से अधिक कंपनियां चीन, यूरोपीय संघ, जापान, अमेरिका और ब्रिटेन की हैं। NASSCOM की सदस्य कंपनियां सॉफ्टवेयर विकास, सॉफ्टवेयर सेवाओं, सॉफ्टवेयर उत्पादों, आईटी-क्षमता / बीपीओ सेवाओं और ई-कॉमर्स के क्षेत्र में कार्यरत्त हैं।