2 अक्टूबर : अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस

October 2, 2020

अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस प्रतिवर्ष 2 अक्टूबर को मनाया जाता है, इसे महात्मा गाँधी की जन्म वर्षगाँठ के अवसर पर मनाया जाता है। महात्मा गाँधी अहिंसा में प्रबल विश्वास रखते थे। अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस मनाने का उद्देश्य सभी देशों में शिक्षा व जन-जाग्रति के द्वारा अहिंसा के सिद्धांत पर बल देना है।

अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस

इस दिवस की स्थापना संयुक्त राष्ट्र महासभा ने A/RES/61/271 प्रस्ताव को पारित करके की थी, इस प्रस्ताव को जून, 2007 में पारित किया गया था। इस प्रस्ताव के द्वारा अहिंसा के सिद्धांत की सार्वभौमिक प्रासंगिकता तथा शांति व सहिष्णुता की संस्कृति को सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता प्रकट की गयी थी। इस दिवस के द्वारा अहिंसा के सन्देश का प्रचार किया जाता है।

मोहनदास करमचंद गाँधी

मोहनदास करमचंद गाँधी को महात्मा गांधी के नाम से जाना जाता है, उन्होंने भारत की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जन्म 2 अक्टूबर, 1869 को ब्रिटिश भारत की बॉम्बे प्रेसीडेंसी के पोरबंदर में हुआ था। उनकी हत्या 30 जनवरी, 1948 को नाथूराम गोडसे द्वारा की गयी थी।

स्वतंत्रता आन्दोलन में उनके निस्वार्थ योगदान के लिए गांधीजी को “बापू” भी कहा जाता है। उन्हें अनाधिकारिक रूप से “राष्ट्रपिता” भी कहा जाता है। उन्होंने लन्दन में कानून की पढाई की थी, तत्पश्चात वे भारत लौटे, बाद में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में एक भारतीय फर्म में कार्य किया।