ऑपरेशन वैनिला : भारतीय नौसेना का मेडागास्कर में आपदा राहत के लिए ऑपरेशन

February 4, 2020

भारतीय नौसेना चक्रवात से प्रभावित मेडागास्कर के लोगों को मानवीय सहायता व आपदा राहत प्रदान कर रही है। मेडागास्कर के लोगों की सहायता के लिए भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन वैनिला लांच किया है।

हाल ही में मेडागास्कर में ‘डिआन’ (Diane) नामक चक्रवात आया था, जिसके कारण देश में भारी तबाही हुई। मेडागास्कर द्वारा सहायता की मांग के बाद भारतीय नौसेना के पोत ऐरावत को आपदा राहत मिशन के लिए भेजा गया। भारतीय नौसेना स्थानीय लोगों की सहायता के लिए मेडिकल कैंप की स्थापना कर रही है, इसके अलावा लोगों के लिए ज़रूरी वस्तुओं की आपूर्ति भी कर रही है।

मेडागास्कर

मेडागास्कर हिन्द महासागर में स्थित एक द्वीपीय देश है। यह पूर्वी अफ्रीका से लगभग 400 किलोमीटर दूर स्थित है। इसका क्षेत्रफल 5,87,041 वर्ग किलोमीटर है। इसकी राजधानी अंतानानारिवो में स्थित है। मेडागास्कर की आधिकारिक भाषा मलागासी और फ्रेंच हैं। मेडागास्कर को फ्रांस से 26 जून, 1960 को स्वतंत्रता मिली थी।