अगले वर्ष किया जाएगा टोक्यो ओलिंपिक का आयोजन

April 1, 2020

इस वर्ष टोक्यो में आयोजित किये जाने ओलिंपिक खेलों को अगले वर्ष के लिए स्थगित किया गया है। इन खेलों का आयोजन इस वर्ष 24 जुलाई से 16 दिन तक किया जाना था। परन्तु विश्व भर में कोरोना वायरस के फैलने के कारण इन खेलों को अब स्थगित कर दिया गया है।

अब टोक्यो ओलिंपिक खेलों का आयोजन अगले वर्ष 23 जुलाई से 8 अगस्त, 2021 के दौरान किया जाएगा। जबकि पैरालिम्पिक खेलों का आयोजन 24 अगस्त से 5 सितम्बर के बीच किया जायेगा।

अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति

यह एक गैर-सरकारी खेल संस्था है, इसका मुख्यालय स्विट्ज़रलैंड के लौसेन में स्थित है। इसकी स्थापना पिएरे डी कोउबेर्तिन तथा देमेत्रिउस विकेलास ने 23 जून, 1894 को फ्रांस के पेरिस में की गयी थी। यह संस्था ग्रीष्मकालीन तथा शीतकालीन ओलिंपिक खेलों का आयोजन करती है। अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति में 206 राष्ट्रीय ओलिंपिक समितियां सदस्य के रूप से शामिल हैं। इसके मौजूदा अध्यक्ष जर्मनी के थॉमस बाक हैं।