बाला देवी बनीं विदेशी फुटबॉल क्लब के साथ जुड़ने वाली पहली भारतीय महिला  फुटबॉलर

February 9, 2020

मणिपुर की 29 वर्षीय फुटबॉलर बाला देवी हाल ही में सुर्ख़ियों में रहीं, वे किसी विदेशी फुटबॉल क्लब के साथ जुड़ने वाली पहली भारतीय फुटबॉलर बन गयी हैं। वे प्रसिद्ध यूरोपीय क्लब रेंजर्स के साथ 18 महीने के लिए जुड़ी हैं। बाला देवी भारतीय महिला फुटबॉल टीम की कप्तान भी रहीं हैं। उन्होंने टीम के 58 मैचों में 52 गोल किये हैं। वे दक्षिण एशिया में सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय गोल करने वाली महिला खिलाड़ी हैं। 2015 और 2016 में उन्हें AIFF वुमन प्लेयर ऑफ़ द ईयर का खिताब दिया गया था।

रेंजर्स फुटबॉल क्लब

रेंजर्स महिला फुटबॉल क्लब स्कॉटिश वीमेन प्रीमियर लीग में हिस्सा लेता है, इसकी स्थापना वर्ष 2008 में की गयी थी। स्कॉटिश वीमेन प्रीमियर लीग स्कॉटलैंड की टॉप डिवीज़न महिला फुटबॉल लीग है।

बाला देवी

बाला देवी भारत की महिला फुटबॉलर हैं। उनका जन्म 2 फरवरी, 1990 को मणिपुर में हुआ था। वे स्ट्राइकर के रूप में खेलती हैं। उन्होंने 2005 में भारत की सीनियर टीम के साथ अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी।