क्रिस्टीना कोच ने कायम किया रिकॉर्ड

February 7, 2020

अमेरिकी अंतरिक्षयात्री हाल ही अंतिरक्ष से पृथ्वी पर वापस लौटी, उन्होंने महिला वर्ग में अन्तरिक्ष में सर्वाधिक समय बिताने का रिकॉर्ड बनाया है। क्रिस्टीना कोच ने कजाखस्तान में लैंडिंग की।  पिछले वर्ष अक्टूबर में उन्होंने जेसिका मेयर के साथ प्रथम महिला स्पेसवाक में हिस्सा लिया था।

अन्तरिक्षयात्री क्रिस्टीना कोच ने महिला वर्ग में अन्तरिक्ष स्टेशन में सबसे अधिक समय व्यतीत करने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने पेग्गी व्हिटसन के रिकॉर्ड को तोड़ा, पेग्गी व्हिटसन ने 2016-17 में 288 दिन तक अन्तरिक्ष स्टेशन में रहने का रिकॉर्ड बनाया था।  पुरुष वर्ग में अमेरिका के स्कॉट केली के नाम अन्तरिक्ष स्टेशन में सबसे अधिक दिन व्यतीत करने का रिकॉर्ड है। स्कॉट केली ने 2015-16 में अन्तरिक्ष में 340 दिन व्यतीत किये हैं।

नासा (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन)

नासा अमेरिकी सरकार की स्वतंत्र स्पेस एजेंसी है, इसका गठन 29 जुलाई, 1958 को किया गया था। नासा विश्व की अग्रणी अन्तरिक्ष एजेंसी है इसकी स्थापना में तत्कालीन राष्ट्रपति आइजनहावर का महत्वपूर्ण भूमिका थी। नासा ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण अभियानों पर कार्य किया है। नासा के प्रमुख अन्तरिक्ष अभियान अपोलो, स्काईलैब स्पेस स्टेशन, अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन इत्यादि प्रमुख है।

अंतर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन (ISS)

अंतर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन (ISS) पृथ्वी की निम्न कक्षा में एक आवासीय कृत्रिम उपग्रह है। यह पृथ्वी से 330 से 435 किलोमीटर की ऊंचाई पर है। यह 92 मिनट में पृथ्वी की एक परिक्रमा पूरी करता है। यह एक दिन में 15.5 बार पृथ्वी की परिक्रमा करता है। ISS कार्यक्रम पांच अन्तरिक्ष एजेंसियों नासा (अमेरिका), रोसकॉसमॉस (रूस), जाक्सा (जापान), ESA (यूरोप) तथा CSA (कनाडा) का संयुक्त कार्यक्रम है।